ब्रेकिंग न्यूज़

कालसी थाने के मुख्य आरक्षी अमित टम्टा का आकस्मिक निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर,

उपचार के दौरान दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस, पीछे पत्नी समेत दो बच्चों को छोड़ गए,

देहरादून। थाना कालसी में तैनात मुख्य आरक्षी अमित टम्टा का 27 सितंबर की देर रात उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली स्थित आईआईबीएस अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर से देहरादून पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

मुख्य आरक्षी अमित टम्टा मूल रूप से जनपद नैनीताल के रहने वाले थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ डाकपत्थर, विकासनगर में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्री और एक पुत्र हैं।

पुलिस विभाग के अनुसार अमित टम्टा अपने सौम्य और शालीन व्यवहार के लिए पहचाने जाते थे। कर्तव्य के प्रति उनकी संवेदनशीलता और समर्पण के चलते सहकर्मियों के बीच उनकी अलग पहचान थी। उन्होंने वर्ष 2002 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में सेवा शुरू की और वर्ष 2026 में मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नत हुए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने अमित टम्टा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति देने की प्रार्थना की।

रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

नंदा न्यूज़ | नंदान्यूज.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *