ठाकुरपुर, सभावाला, सहसपुर और कुंजा क्षेत्र के जरूरतमंद लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता, विधायक ने सुनी समस्याएं,
सुद्धोवाला/सेलाकुई। भारतीय जनता पार्टी के सुद्धोवाला मंडल कार्यालय में मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत आर्थिक सहायता के चेक वितरण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने क्षेत्र के जरूरतमंद लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष के चेक वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम ठाकुरपुर, सभावाला, सहसपुर और कुंजा क्षेत्र से पहुंचे लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक सौंपे गए। चेक प्राप्त करते हुए लाभार्थियों ने राहत की उम्मीद जताई। विधायक ने इस दौरान लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक समय पर आर्थिक सहायता पहुंचाना और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और जनसेवा की भावना के साथ कार्य कर रही है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सहायता का लाभ बिना अनावश्यक बाधा के मिल सके।

विधायक ने लाभार्थियों को संबंधित समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के तौर पर जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण और मुख्यमंत्री राहत कोष के लाभार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से आर्थिक सहायता के चेक वितरण को लेकर आयोजित यह कार्यक्रम जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का माध्यम बना। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने की बात कही।
नन्दा न्यूज:देहरादून

