देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम कार्यालय परिसर और गांधी पार्क पहुंचकर दोनों महान राष्ट्रनायकों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के सिद्धांतों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा से देश के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी देशवासियों को ईमानदारी, अनुशासन और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों और लाल बहादुर शास्त्री के सादगी एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ, अनुशासित और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मेयर ने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

