ब्रेकिंग न्यूज़

हरिद्वार में चेन स्नेचर और पुलिस के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से बदमाश घायल; साथी फरार

हरिद्वार। खड़खड़ी क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटना के बाद बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस की मंगलवार देर रात बिल्केश्वर रोड के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी जंगल की ओर फरार होने में कामयाब रहा।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह खड़खड़ी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश ने एक महिला के गले से चेन झपट ली थी और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने चेन स्नेचिंग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

इसी दौरान नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम को बिल्केश्वर रोड के पास संदिग्ध बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, पुलिस टीम को देखते ही दोनों बदमाश फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा करते हुए जंगल की घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के दाएं पैर में गोली लग गई।

गोली लगने के बाद बदमाश घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। घायल आरोपी को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

आरोपी की पहचान नरेश के रूप में

पुलिस ने घायल बदमाश की पहचान नरेश निवासी सुलतानपुरी, दिल्ली के रूप में की है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सोने की चेन और चोरी की बाइक बरामद होने की जानकारी दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास और चेन स्नेचिंग की अन्य घटनाओं में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है।

अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार

मुठभेड़ के दौरान नरेश का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस उसके संभावित ठिकानों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस से माफी मांगता नजर आया आरोपी

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पुलिसकर्मियों के सामने रोता हुआ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मियों से माफी मांगते हुए “माफ कर दो साहब, गलती हो गई” कह रहा था।

फिलहाल पुलिस आरोपी से चेन स्नेचिंग की अन्य वारदातों, उसके फरार साथी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *