बारिश के पानी की छींटों को लेकर शुरू हुआ विवाद, सड़क किनारे हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल,
देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक मार्ग पर झगड़ा और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना राजपुर क्षेत्र के गुजराड़ा, सहस्रधारा रोड स्थित एक स्कूल के बाहर सड़क किनारे मारपीट और हुड़दंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया।
वायरल वीडियो में कुछ युवक सड़क किनारे आपस में झगड़ते और हुड़दंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के बाद थाना राजपुर पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वीडियो 6 अक्टूबर 2026 की दोपहर का है। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया और उनके खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई की।
पुलिस पूछताछ में युवकों ने बताया कि घटना की शुरुआत सड़क किनारे जमा बारिश के पानी से हुई। एक पक्ष के युवक की साइकिल से पानी की कुछ छींटें दूसरे पक्ष के युवक की कमीज पर जा गिरीं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग में बदल गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और सार्वजनिक स्थान पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए युवकों में आशीष कुमार पुत्र पाबिल कुमार, निवासी मंदाकिनी विहार, ब्रह्मावाला खाला, थाना रायपुर, देहरादून; आदित्य कुमार पुत्र अशोक, निवासी गुजराड़ा, सहस्रधारा रोड, देहरादून; अनुज झा पुत्र अशोक झा, निवासी गुजराड़ा, सहस्रधारा रोड, देहरादून तथा अजय कुमार पुत्र उदय, निवासी ममगाई मोहल्ला, सिद्धार्थ लॉ कॉलेज के निकट, रायपुर, देहरादून शामिल हैं।
दून पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक स्थानों पर झगड़ा, हुड़दंग और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सोशल मीडिया पर सामने आने वाले वीडियो को भी पुलिस गंभीरता से ले रही है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर आरोपियों तक पहुंचना और उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करना पुलिस की सक्रिय निगरानी को दर्शाता है।
नंदा न्यूज़ के लिए देहरादून से महिपाल सिंह नेगी की रिपोर्ट।
