रिंग रोड से मालदेवता तक चला सघन चेकिंग अभियान, पुलिस एक्ट के तहत ₹4,250 जुर्माना वसूला
नंदा न्यूज़ | देहरादून
देहरादून में सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना रायपुर पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर सड़क किनारे और वाहनों में बैठकर शराब पी रहे 17 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। सभी के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 4,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही, भविष्य में ऐसी गतिविधियों में संलिप्त न होने की सख्त हिदायत दी गई।
रिंग रोड से मालदेवता तक पुलिस की सघन चेकिंग,
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इन्हीं निर्देशों के क्रम में 13 अक्टूबर 2026 को थाना रायपुर पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रिंग रोड, किद्दूवाला, रायपुर बाजार, मालदेवता रोड सहित अन्य संवेदनशील और एकांत स्थानों पर निगरानी की गई।
चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर खुले में तथा वाहनों के भीतर बैठकर शराब पी रहे 17 व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। यहां उनके विरुद्ध धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई और कुल 4,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
होटल-ढाबा संचालकों को भी चेतावनी
अभियान के दौरान पुलिस ने कई व्यक्तियों को मौके पर ही चेतावनी देकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से दूर रहने की हिदायत दी। इसके अलावा होटल, ढाबा संचालकों और स्थानीय व्यापारियों को भी अपने प्रतिष्ठानों तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को शराब न पिलाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रतिष्ठान के आसपास इस प्रकार की गतिविधियां सामने आती हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर रहेगी नजर
दून पुलिस का यह अभियान सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने, हुड़दंग और अव्यवस्था फैलाने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
नंदा न्यूज़ | जनहित में खबर, जनता की आवाज।
ऐसी ताज़ा खबरों के लिए नंदा न्यूज़ के हमारे पेज को फॉलो जरूर करें। नंदान्यूज.इन
