नंदा न्यूज़ | देहरादून
रायपुर, सहसपुर, नेहरू कॉलोनी और रायवाला में कार्रवाई; देसी-अंग्रेजी शराब की खेप बरामद, तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी सीज,
देहरादून, 14 अक्टूबर। राजधानी देहरादून में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ दून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में संलिप्त पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से देसी और अंग्रेजी शराब के सैकड़ों टेट्रा पैक व पव्वे बरामद किए गए हैं। वहीं, शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी को भी सीज किया गया है।
एसएसपी देहरादून ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में रायपुर, सहसपुर, नेहरू कॉलोनी और रायवाला थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रायपुर में दो आरोपी गिरफ्तार,

थाना रायपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 114 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार निवासी बालावाला और सुजल निवासी सहस्रधारा रोड क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
सहसपुर में 54 पव्वे देसी शराब बरामद,

कोतवाली सहसपुर पुलिस ने 13 अक्टूबर को जामनखाता क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अनिल सेठी (52), निवासी जमनीपुर तप्पड़, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 54 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद की।
नेहरू कॉलोनी में एक और आरोपी पकड़ा,

थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने रिस्पना नगर के बी-ब्लॉक में कार्रवाई करते हुए राजेंद्र कुमार उर्फ धारी (42), निवासी रिस्पना नगर, को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से माल्टा ब्रांड की 52 टेट्रा पैक देसी शराब बरामद हुई। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
रायवाला में देसी के साथ अंग्रेजी शराब भी बरामद,

कोतवाली रायवाला पुलिस ने निर्मल आई हॉस्पिटल वाली गली में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार शिवम कुमार (24), निवासी राजीव नगर-कंडोली क्षेत्र, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से माल्टा ब्रांड की 44 टेट्रा पैक देसी शराब और इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 80 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद की। शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी संख्या UK-07-DM-1316 को सीज कर दिया गया है। मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की नजर,
दून पुलिस की इन कार्रवाइयों के जरिए अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
नंदा न्यूज़ की अपील: ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए नंदा न्यूज़ के हमारे पेज को फॉलो जरूर करें। पढ़ते रहिए नंदान्यूज.इन।
