ब्रेकिंग न्यूज़

### देहरादून में संपत्ति विवाद ने लिया खूनी रूप:

### देहरादून में संपत्ति विवाद ने लिया खूनी रूप: मामा ने भांजे को चाकू और खुखरी से किया लहूलुहान, उपचार के दौरान मौत

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई,

हत्या की वारदात का चंद घंटों में खुलासा; मामा,

उसके बेटे और पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

 

नंदा न्यूज़ : देहरादून

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तरला अधोईवाला में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को खून के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना का गवाह बना दिया। पैतृक संपत्ति के बंटवारे और दीवार निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद मामा ने अपने बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपने ही भांजे पर चाकू और खुखरी से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय गौरव ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद गौरव की जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना में अन्य घायल रोहित उर्फ भोली और कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

### संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तरला अधोईवाला निवासी नितिन कुमार और उसके परिवार का अपनी बहन गुड्डी तथा भांजे गौरव के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि नितिन की माता के निधन के बाद अधोईवाला स्थित मकान में एक कमरा उनकी बहन गुड्डी को दिया गया था। इसी संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

सोमवार, 9 नवंबर को दीवार निर्माण को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान नितिन कुमार, उसके बेटे रोहित कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों ने गौरव तथा उसके साथ मौजूद लोगों पर घर में रखे धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।

### एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम, चंद घंटों में तीन गिरफ्तार,

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद रायपुर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक का मामा नितिन कुमार (44 वर्ष), उसका पुत्र रोहित कुमार (21 वर्ष) और नितिन की पत्नी कविता (40 वर्ष) शामिल हैं।

### हत्या में इस्तेमाल चाकू और खुखरी बरामद,

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक खुखरी भी बरामद की है। पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी नितिन कुमार ने संपत्ति विवाद को लेकर अपनी बहन और भांजे के साथ लंबे समय से तनाव होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने घर में रखे धारदार हथियारों से हमला किया था।

### हत्या का मुकदमा दर्ज, जांच जारी,

मृतक के संबंध में उसके भाई करण कुमार पुत्र स्वर्गीय चमनलाल की लिखित शिकायत पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 467/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109(1) और 3(5) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

### पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई,

इस हत्याकांड के खुलासे में रायपुर थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक संजीत कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक भरत सिंह रावत, उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, विकसित पंवार, दीपक पंवार, नरेंद्र बिष्ट, दीपक द्विवेदी, पूनम खत्री सहित पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नंदा न्यूज़ की विशेष टिप्पणी: संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवारों में विवाद होना नई बात नहीं है, लेकिन जब ऐसे विवाद बातचीत और कानूनी समाधान के बजाय हिंसा का रास्ता पकड़ लेते हैं, तो उसका परिणाम बेहद दुखद होता है। जिस रिश्ते में स्नेह और संरक्षण की उम्मीद होती है, उसी रिश्ते में हुई इस कथित हिंसक वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। 26 वर्षीय गौरव की मौत ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि आखिर संपत्ति के लालच और आपसी रंजिश के आगे पारिवारिक रिश्ते इतने कमजोर क्यों पड़ते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *