ब्रेकिंग न्यूज़

महिला सशक्तीकरण को नई दिशा दे रही धामी सरकार की योजनाएं : तरुण बंसल,

भाजपा महानगर कार्यालय में महिला मोर्चा ने आयोजित किया राज्य स्थापना दिवस एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर महिला सम्मेलन, महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन पर दिया जोर,

 

नंदा न्यूज़: देहरादून

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा महानगर देहरादून की ओर से शनिवार, 14 नवंबर 2026 को भाजपा महानगर कार्यालय में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में राज्य आंदोलन के गौरवशाली इतिहास, आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करने के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं तथा महिला सशक्तीकरण के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में उत्तराखंड राज्य निर्माण के ऐतिहासिक संघर्ष को याद करते हुए कहा कि अलग राज्य का गठन प्रदेशवासियों के लंबे संघर्ष, आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए विकास की प्रक्रिया में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।

तरुण बंसल ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। विशेष रूप से महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंचना चाहिए।

“महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता : सुमन सिंह

महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि महिलाएं केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी बनकर न रहें, बल्कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होकर समाज के विकास और नेतृत्व में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और लखपति दीदी जैसी पहल महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान कर रही हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण कदम महिला सशक्तीकरण की दिशा में उल्लेखनीय हैं।

महिलाएं हर क्षेत्र में स्थापित कर रही अपनी पहचान : भावना डोभाल

प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्ष भावना डोभाल ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की आवश्यकताओं और समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आज उत्तराखंड की महिलाएं स्वरोजगार, शिक्षा, सामाजिक सेवा और नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचाना आवश्यक है।

***अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प***

 

सम्मेलन के दौरान उपस्थित महिलाओं ने राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की सह प्रभारी जानकी नौटियाल, मीडिया संयोजक डॉ. दिव्या नेगी, कार्यालय प्रभारी बबली चौहान, महानगर महिला मोर्चा की पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं महानगर कार्यकारिणी की सदस्याएं मौजूद रहीं।

सम्मेलन का मुख्य संदेश महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और राज्य के विकास में महिलाओं की निर्णायक भागीदारी को और मजबूत करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *