ब्रेकिंग न्यूज़

टौंस नदी के तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने परिवार सहित उगते सूर्य को दिया अर्घ्य,

टौंस नदी के तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने परिवार सहित उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

नंदा की चौकी प्रेमनगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, आम से खास तक श्रद्धालुओं ने की सूर्यदेव की उपासना, बिहारी महासभा के पदाधिकारियों ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की,

नंदा न्यूज़ : प्रेम नगर – देहरादून।

देहरादून। राजधानी देहरादून में लोकआस्था, सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी के समीप टौंस नदी के पावन तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही व्रती महिलाओं और पुरुषों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।

छठ पूजा के इस धार्मिक आयोजन में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन भी अपने परिवार के साथ शामिल हुए। उन्होंने टौंस नदी के तट पर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान आम श्रद्धालुओं से लेकर विशिष्ट अतिथियों तक ने छठ महापर्व में भागीदारी की। घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और सूर्य उपासना के मंत्रों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में बांस की टोकरी और सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर घाट पहुंचे। चार दिवसीय इस महापर्व की परंपराओं के अनुरूप व्रतियों ने पूरी श्रद्धा, निष्ठा और अनुशासन के साथ सूर्यदेव की आराधना की।

बिहारी महासभा अध्यक्ष ललन सिंह ने जताया आभार, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बिहारी महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह ने उत्तराखंड सरकार, सिंचाई विभाग तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और वॉलंटियरों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सभी का सहयोग सराहनीय रहा। घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में सिंचाई विभाग तथा स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर ललन सिंह ने समस्त उत्तराखंडवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया से प्रदेश के सभी लोगों पर अपनी कृपा और आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की। उन्होंने कहा कि छठी मैया की कृपा से उत्तराखंड सहित समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि बनी रहे। हर परिवार खुशहाल रहे और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े।

विशाल कुमार ने भी की प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना,

इस अवसर पर बिहारी महासभा के सदस्य एवं पार्षद कामली रोड विशाल कुमार ने भी समस्त प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की। साथ ही छठ पूजा के सफल आयोजन में स्थानीय जनता द्वारा दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए उनका विशेष धन्यवाद व्यक्त किया।

विशाल कुमार ने कहा कि किसी भी सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन की सफलता में स्थानीय लोगों की सहभागिता और सहयोग महत्वपूर्ण होता है। टौंस नदी के तट पर आयोजित छठ महापर्व में स्थानीय जनता ने जिस उत्साह और सहयोग के साथ भागीदारी निभाई, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश

टौंस नदी के तट पर आयोजित छठ पूजा ने देहरादून में रह रहे बिहार और पूर्वांचल के लोगों की सांस्कृतिक एकजुटता को प्रदर्शित किया। स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक आयोजन में सहभागिता की। विभिन्न समुदायों के लोगों की मौजूदगी ने उत्तराखंड की राजधानी में सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

सूर्य की पहली किरण के साथ टौंस नदी के तट पर गूंजते छठी मैया के गीत, श्रद्धालुओं की सामूहिक आराधना और पारंपरिक पूजा-पद्धति ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। नंदा की चौकी प्रेमनगर में आयोजित छठ महापर्व श्रद्धा, विश्वास, परंपरा और सामाजिक एकता के यादगार संगम के रूप में देखने को मिला।

नंदा न्यूज़ | देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *