ब्रेकिंग न्यूज़

कठिन ड्यूटी, समर्पण और टीम भावना को सलाम; केदारनाथ यात्रा में जुटे पुलिसकर्मियों के सम्मान में हुआ बड़ा खाना,

केदारनाथ यात्रा-2026 के सफल समापन पर रुद्रप्रयाग पुलिस का सम्मान समारोह, जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित,

### कठिन ड्यूटी, समर्पण और टीम भावना को सलाम; केदारनाथ यात्रा में जुटे पुलिसकर्मियों के सम्मान में हुआ बड़ा खाना,

नंदा न्यूज़

रुद्रप्रयाग। बाबा केदारनाथ की यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने में जुटे पुलिस एवं सहयोगी विभागों के कार्मिकों के सम्मान में रुद्रप्रयाग पुलिस ने सम्मान समारोह एवं बड़ा खाना आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों, यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और टीम भावना की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। इस अवसर पर यात्रा के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

केदारनाथ धाम की यात्रा का सफल संचालन पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी जिम्मेदारी और चुनौतीपूर्ण कार्य रहता है। यात्रा अवधि में लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना, यातायात व्यवस्था संभालना, भीड़ प्रबंधन, यात्रियों को मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराना और विषम परिस्थितियों में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस बल के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, प्रतिकूल मौसम और लंबी ड्यूटी के बावजूद पुलिसकर्मियों ने अनुशासन, धैर्य और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा-2026 को सकुशल सम्पन्न कराने में जनपद पुलिस के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यात्रा की सफलता किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पुलिस बल के सामूहिक प्रयास, आपसी समन्वय और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने यात्रा ड्यूटी में तैनात रहे सभी कार्मिकों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा एवं मनोयोग से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पुलिस के साथ एसडीआरएफ, फायर सर्विस, संचार, अभिसूचना, पीएसी, होमगार्ड एवं पीआरडी के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह ने यात्रा के दौरान दिन-रात सेवाएं देने वाले कार्मिकों के योगदान को सम्मान देने के साथ ही विभागों के बीच आपसी सहयोग और एकजुटता को भी मजबूती प्रदान की।

कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ बैठकर बड़ा खाना (सामूहिक भोज) का आनंद लिया। यह आयोजन यात्रा ड्यूटी के दौरान कठिन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले कार्मिकों के सम्मान, आपसी सौहार्द और टीम भावना को प्रोत्साहित करने का अवसर बना।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुले थे और 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद हुए। कुल 204 दिनों तक चली यात्रा में 19,33,138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए।

19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की यात्रा सकुशल सम्पन्न कराने में जुटे सुरक्षा बलों के समर्पण को रुद्रप्रयाग पुलिस ने सम्मान देकर सराहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *