ब्रेकिंग न्यूज़

17 साल से फरार एक लाख का इनामी डकैत पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, एसटीएफ और दून पुलिस की बड़ी कामयाबी,

### ऑपरेशन प्रहार: 17 साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, पश्चिम बंगाल से दबोचा गया एक लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर

नंदा न्यूज़

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में वर्ष 2009 में ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हुई हथियारबंद डकैती समेत हल्द्वानी में दर्ज डकैती के मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहा था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में लगातार ठिकाने बदलकर रह रहा था।

17 साल पुराने डकैती कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार,

पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को बसंत विहार थाना क्षेत्र में ओएनजीसी के महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर पांच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर परिवार के सदस्यों को घातक हथियारों से घायल करते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में थाना बसंत विहार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिनमें चार आरोपियों को पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

“25 हजार से बढ़ाकर किया गया था एक लाख का इनाम”

लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने और फरार रहने के चलते पहले तत्कालीन एसएसपी देहरादून की ओर से आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बाद में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड द्वारा इनामी राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई। ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में एसटीएफ और दून पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की।

टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर छिपा था पश्चिम बंगाल में:

पुलिस टीम को सूचना मिली कि शौकत अली कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने संयुक्त रूप से मैनुअल पुलिसिंग एवं लगातार पतारसी-सुरागरसी के जरिए जानकारी जुटाई। आखिरकार संयुक्त टीम ने आरोपी को थाना भाटपाड़ा क्षेत्र, जनपद उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया।

‘हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे’

गिरफ्तार शौकत अली पुत्र लतीफ, उम्र 54 वर्ष, मूल निवासी अहमदनगर, थाना देहली गेट, मेरठ, उत्तर प्रदेश, के विरुद्ध उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 1991 से लेकर 2009 तक के कई मामले दर्ज हैं। हल्द्वानी में दर्ज डकैती और देहरादून के बसंत विहार में हुई डकैती के मामलों में भी वह वांछित था।

इस कार्रवाई में एसटीएफ के निरीक्षक अबुल कलाम के नेतृत्व में टीम तथा थाना बसंत विहार के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार शर्मा सहित पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से अहम भूमिका निभाई।

17 वर्षों से फरारी काट रहे एक लाख के इनामी अपराधी की गिरफ्तारी को उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *