संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय पर हुई संगोष्ठी, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक पाठ कर संविधान के प्रति जताई प्रतिबद्धता
नंदा न्यूज़
गोपेश्वर। राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित कांग्रेस कार्यालय में संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इसके साथ ही संगोष्ठी आयोजित कर संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों और डॉ. अंबेडकर के विचारों एवं सिद्धांतों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भारतीय संविधान को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और समानता की मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान, स्वतंत्रता और समान अवसरों की गारंटी देने वाला मार्गदर्शक है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांत भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं, जिन्हें मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
संगोष्ठी में डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और सामाजिक समरसता, समानता तथा अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को याद करते हुए संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, नगर अध्यक्ष धीरेन्द्र गरोड़िया, जिला महामंत्री संदीप झिंक्वाण, महिला नगर अध्यक्ष विजया कंडारी, वरिष्ठ कांग्रेसी राजेंद्र सिंह रावत एवं बीएस राणा, मंडल अध्यक्ष रुद्र सिंह भंडारी, नगर उपाध्यक्ष राजेंद्र लाल, नगर सेवानिवृत्त कर्मचारी-शिक्षक संगठन के अध्यक्ष भक्त दर्शन बिष्ट, नगर अनुसूचित जाति अध्यक्ष जयपाल कोहली, अनुसूचित जनजाति महिला नगर अध्यक्ष लीला रावत, नगर महिला उपाध्यक्ष यमुना कुंवर, नगर महिला महामंत्री मुन्नी कंडेरी, सेक्टर हरमनी अध्यक्ष देवेंद्र कुंवर, बीएलए रणजीत कुमार एवं हरीश कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर संविधान की मूल भावना को समाज में मजबूत करने, लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और डॉ. अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
संवाददाता, गोपेश्वर।
