दशोली ब्लॉक में कांग्रेस का विशेष हस्ताक्षर अभियान जारी, बैरागना और खल्ला सेक्टर में किया जनसंपर्क,
भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने जनता के बीच उठाए भ्रष्टाचार और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के मुद्दे,
नंदा न्यूज़ : चमोली
चमोली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष हस्ताक्षर अभियान के तहत बुधवार, 18 नवंबर 2026 को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दशोली की ओर से बैरागना और खल्ला सेक्टर में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से संपर्क कर भाजपा सरकार और उसके मंत्रियों पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी।
कांग्रेस पार्टी द्वारा यह विशेष हस्ताक्षर अभियान 10 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से कांग्रेस मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, गणेश जोशी और धन सिंह रावत के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को उठाते हुए जवाबदेही की मांग कर रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जनता को अभियान के उद्देश्य से अवगत कराते हुए हस्ताक्षर करवाए और सरकार से कथित भ्रष्टाचार के मामलों में जवाब देने की मांग की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी प्रकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जनता के सामने इस मामले में न्याय की मांग रखते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को महत्वपूर्ण मुद्दों पर स्पष्ट जवाब और न्याय मिलना चाहिए। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनसमर्थन जुटाना और सरकार के समक्ष जनता की आवाज को मजबूती से पहुंचाना है।
ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर दशोली ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों को अभियान से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बैरागना और खल्ला सेक्टर में स्थानीय लोगों ने अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी की और हस्ताक्षर कर अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी 30 नवंबर तक अभियान को ब्लॉक के अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ाया जाएगा।
***** ***** इनकी रही मौजूदगी ***** *****

कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, वरिष्ठ कांग्रेसी जगत सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री रविन्द्र बर्त्वाल, मंडल अध्यक्ष गोवर्धन टम्टा, सेक्टर अध्यक्ष प्रकाश डंडरियाल, अनिल राणा, सेक्टर प्रभारी संतन राणा, सेक्टर मीडिया प्रभारी सुभाष राणा, सेक्टर प्रभारी भवानी लाल, ग्राम प्रधान सृष्टि राणा, सेवानिवृत्त कर्मचारी-शिक्षक जिला महामंत्री नन्दन राणा, कुन्दन बिष्ट, महिला सेक्टर अध्यक्ष प्रमिला राणा, पूर्व सैनिक ब्लॉक अध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट, बिजेंद्र बिष्ट, अनुसूया, बद्रीलाल, संजय कुमार, शैलेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने अभियान को आगे भी जारी रखने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।
