गृह मंत्री के दौरे को लेकर दून में ट्रैफिक का बड़ा बदलाव, परेड ग्राउंड से पुलिस लाइन तक रहेगा जीरो जोन; पुलिस ने जारी किया विस्तृत रूट प्लान
नंदा न्यूज़ | देहरादून | 05 नवंबर 2026
6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर देहरादून में बदलेगी यातायात व्यवस्था, परेड ग्राउंड में जनसभा और पुलिस लाइन में होगी अलंकरण परेड; बसों, विक्रमों और सिटी बसों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित।
देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री, भारत सरकार के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर राजधानी की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है। शुक्रवार, 6 नवंबर को परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली जनसभा और पुलिस लाइन देहरादून में होने वाली अलंकरण परेड के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। कार्यक्रमों के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों, बसों, विक्रमों और सिटी बसों के लिए विशेष रूट निर्धारित किए हैं।
यातायात पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड के आसपास कई प्रमुख मार्ग जीरो जोन रहेंगे। ऐसे में आमजन को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, जिससे अनावश्यक जाम और असुविधा से बचा जा सके।
#परेड ग्राउंड के आसपास रहेगा जीरो जोन
जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहे होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन निर्धारित किया गया है। इस क्षेत्र में कार्यक्रम के दौरान सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इसके अतिरिक्त सर्वे चौक से ओरियंट चौक एवं लैंसडाउन चौक की ओर जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन लैंसडाउन चौक और ओरियंट चौक की ओर भेजे जाएंगे।
बुद्धा चौक से क्रॉस रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को एमकेपी के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं आराघर चौक से ईसी रोड की ओर जाने वाले वाहन सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की तरफ संचालित किए जाएंगे।
#अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए निर्धारित रूट
परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
हरिद्वार एवं ऋषिकेश से आने वाली बसें: रिस्पना पुल, धर्मपुर चौक, आराघर, द्वारका स्टोर, सर्वे चौक और रोजगार तिराहे होते हुए पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्किंग करेंगी।
रुड़की, भगवानपुर एवं आईएसबीटी से आने वाली बसें: पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्किंग की जाएगी।
सहस्रधारा एवं रायपुर से आने वाली बसें: सहस्रधारा रोड, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद द्वारका स्टोर और आराघर टी-जंक्शन होते हुए गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्किंग करेंगी।
विकासनगर, चकराता एवं सहसपुर से आने वाली बसें: किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर, ओरियंट चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्किंग करेंगी।
वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए अलग पार्किंग
यातायात पुलिस ने कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए वीआईपी और सामान्य पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की है।
वीआईपी पार्किंग: शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है।
छोटे वाहनों की सामान्य पार्किंग: रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था की गई है।
बसों की पार्किंग: बन्नू स्कूल ग्राउंड रेसकोर्स, गुरुद्वारा ग्राउंड रेसकोर्स और गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में बसें खड़ी की जाएंगी।
#पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान भी बदलेगा ट्रैफिक
पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड को लेकर भी यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। कार्यक्रम के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन रहेगा।
नेगी तिराहे से बन्नू स्कूल की ओर जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बन्नू चौक से नेगी तिराहे की ओर आने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक और सूरी चौक के रास्ते भेजा जाएगा।
पुलिस लाइन में वीआईपी वाहनों के लिए शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन एवं सम्मेलन कक्ष पार्किंग और एमटी सेक्शन ग्राउंड निर्धारित किया गया है। सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
#विक्रम और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव
परेड ग्राउंड में जनसभा के चलते शहर में यातायात का दबाव कम रखने के लिए विक्रमों के संचालन में भी परिवर्तन किया गया है।
– विक्रम संख्या 03 धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए अपने निर्धारित रूट पर वापस भेजा जाएगा।
– विक्रम संख्या 05 एवं 08 को रेलवे स्टेशन से वापस किया जाएगा।
– विक्रम संख्या 02 को सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस भेजा जाएगा।
– विक्रम संख्या 01 केवल ओरियंट चौक तक आ सकेंगे और वहीं से वापस लौटेंगे।
– विक्रम संख्या 07 एवं 08 (प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट) के विक्रम बिंदाल कट से वापस किए जाएंगे।
सिटी बसों के लिए भी अलग व्यवस्था लागू रहेगी। राजपुर रोड की सिटी बसों को तहसील चौक से दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए भेजा जाएगा। विश्वनाथ सेवा की बसों का संचालन चुना भट्ठा से किया जाएगा। वहीं रायपुर रोड से घंटाघर जाने वाली सिटी बसों को सर्वे चौक से बहल चौक होते हुए घंटाघर की ओर भेजा जाएगा।
#नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को ट्रैफिक क्रेन के माध्यम से टो किया जाएगा और इसके लिए 1500 रुपये जुर्माना निर्धारित किया गया है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़े करें। अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का इस्तेमाल करने के बजाय सार्वजनिक परिवहन और दोपहिया वाहनों को प्राथमिकता दें। साथ ही स्थानीय बाजारों से खरीदारी कर मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में सहयोग करें।
#एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं को मिलेगी प्राथमिकता
यातायात पुलिस ने आमजन को आश्वस्त किया है कि एंबुलेंस, पुलिस, अग्निशमन और अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों को रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा। आपातकालीन सेवाओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
#यातायात पुलिस की आमजन से अपील
यातायात पुलिस देहरादून ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम के चलते शहर में यातायात का दबाव सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहने की संभावना है। इसलिए आमजन निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें, अनावश्यक हॉर्न न बजाएं, यातायात पुलिस के निर्देशों का धैर्यपूर्वक पालन करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
#नंदा न्यूज़ की अपील: यदि आप 6 नवंबर को देहरादून शहर में निकल रहे हैं तो घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने के वैकल्पिक मार्ग की जानकारी अवश्य लें। यातायात व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
