एसएसपी देहरादून की सख्ती का दिखा असर, राजपुर रोड पर खिलौना पिस्टल लहराने वाले तीन युवक पुलिस की कार्रवाई के दायरे में,
रील और रौब दिखाने के चक्कर में मचा हड़कंप, वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर दून पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई,
देहरादून। सोशल मीडिया पर रौब झाड़ने और लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने जैसा कृत्य तीन युवकों को भारी पड़ गया। राजपुर रोड पर चलती कार से तमंचा लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को थाने लाकर पूछताछ की। जांच में वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार असली तमंचा नहीं, बल्कि खिलौना पिस्टल निकला, जिसे युवक दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे।
मामला कोतवाली डालनवाला क्षेत्र का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्विफ्ट डिजायर कार में सवार एक व्यक्ति को कार से बाहर पिस्टल जैसी वस्तु लहराते हुए देखा गया था। सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन किए जाने से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बनने की आशंका थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद डालनवाला पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रही कार के रजिस्ट्रेशन नंबर को ट्रेस कर वाहन स्वामी के संबंध में जानकारी जुटाई और कार सवार तीन युवकों को थाने लाकर पूछताछ की।

पुलिस की जांच में सामने आया कि वीडियो में लहराई जा रही वस्तु खिलौना पिस्टल थी, जिसे युवक दशहरा मेले से खरीदकर लाए थे। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना प्रदर्शन कर लोगों में भ्रम और डर पैदा करने तथा सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था को लेकर गलत संदेश जाने के मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने, रील बनाने या रौब दिखाने के लिए इस तरह की हरकतें करना उचित नहीं है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार का आचरण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ न करें। जिम्मेदारी से व्यवहार करें और ऐसी गतिविधियों से बचें, जिनसे लोगों में भय या भ्रम की स्थिति पैदा हो।
नंदा न्यूज़ :देहरादून
