भाजपा महानगर देहरादून ने शक्ति केंद्रों पर आयोजित किए राज्य महोत्सव सम्मेलन,
धर्मपुर और कैंट विधानसभा में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित,
नंदा न्यूज़ : देहरादून
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार शनिवार, 14 नवंबर 2026 को प्रदेशभर के शक्ति केंद्रों पर राज्य महोत्सव सम्मेलन आयोजित किए गए। इसी क्रम में भाजपा महानगर देहरादून की ओर से भी धर्मपुर एवं कैंट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन सम्मेलनों के माध्यम से राज्य आंदोलन के गौरवशाली इतिहास, आंदोलनकारियों के संघर्ष और उत्तराखंड के विकास की यात्रा को याद किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड का निर्माण किसी राजनीतिक उपहार का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, त्याग, बलिदान और जनआंदोलनों की ऐतिहासिक उपलब्धि है। प्रदेश की जनता ने अपनी अलग सांस्कृतिक पहचान, भौगोलिक परिस्थितियों और क्षेत्रीय विकास की आकांक्षाओं को लेकर लंबा संघर्ष किया। मातृशक्ति, युवाओं, आंदोलनकारियों और प्रदेशवासियों के अथक प्रयासों के फलस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन का इतिहास हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, एकजुट होकर संघर्ष करने और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता है। राज्य निर्माण में योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों और शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
**सपा की मानसिकता पर भी साधा निशाना**

अपने संबोधन में सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार की भूमिका का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य निर्माण की मांग कर रहे उत्तराखंड के लोगों को उस दौर में बर्बरता और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि आज भी समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं के बयान उत्तराखंड के लोगों के प्रति उनकी मानसिकता को उजागर करते हैं। ऐसे बयानों और सोच को जनता के सामने मजबूती से रखना आवश्यक है।
**केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का किया उल्लेख**

भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश के चहुंमुखी विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राज्य आंदोलन के इतिहास और भाजपा सरकारों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ कार्य करें।
**विधायक सविता कपूर ने आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि**
कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर ने भी कार्यकर्ताओं के साथ उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राज्य निर्माण के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान और विकास के लिए संघर्ष करने वाले लोगों का योगदान हमेशा याद रखा जाना चाहिए।
सम्मेलनों में महानगर महामंत्री विजेंद्र थपलियाल, मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा, आशीष शर्मा, राहुल चौहान, सुभाष बालियान, सुरेंद्र गेल सहित पार्षदगण एवं भाजपा के अनेक पदाधिकारी और सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा ने राज्य स्थापना के गौरवशाली इतिहास को स्मरण करने के साथ प्रदेश के विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
