सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से पुलिस ने सुलझाई वारदात, विधि विवादित किशोर के कब्जे से चोरी का ऑटो बरामद,
देहरादून। अपराधियों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई के बीच कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने इलेक्ट्रिक ऑटो चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए चोरी किया गया ऑटो बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया है। पुलिस के अनुसार किशोर स्वयं भी इलेक्ट्रिक ऑटो चलाने का काम करता है।
मामला 27 सितंबर का है। चंद्रबनी, पटेलनगर निवासी कुलदीप चौहान ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका इलेक्ट्रिक ऑटो किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया है। शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 684/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने तत्काल जांच तेज की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस की जांच के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
चेकिंग के दौरान मिला चोरी का ऑटो,
जांच के दौरान 29 सितंबर को चेकिंग के समय पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया इलेक्ट्रिक ऑटो बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि वह इलेक्ट्रिक ऑटो चलाता है। 18 सितंबर की रात गलती से उसके अपने ऑटो का शीशा टूट गया था। घरवालों के डर से उसने अपना ऑटो छिपा दिया और बाद में बंजारावाला क्षेत्र में अपने ऑटो से मिलता-जुलता दूसरा इलेक्ट्रिक ऑटो खड़ा देखा। मौका पाकर उसने कथित रूप से उस ऑटो को चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गया।
चोरी का ऑटो बरामद,
पुलिस ने किशोर के कब्जे से चोरी किया गया इलेक्ट्रिक ऑटो UK-07-TE-4302 बरामद किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पटेलनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का सुराग मिलने के बाद वाहन बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, कांस्टेबल गौरव और कांस्टेबल विनोद शामिल रहे।
रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून
नंदा न्यूज़ | नंदान्यूज.in
