स्कूल में लगी आग तो नहीं मचेगी अफरा-तफरी! रुद्रप्रयाग पुलिस की पहल, फायर सर्विस टीम ने बच्चों को सिखाए अग्नि सुरक्षा के गुर,
ख्रीष्ट ज्योति अकादमी में छात्र-छात्राओं और स्टाफ को दी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की ट्रेनिंग, फायर एस्टिंग्विशर चलाने का कराया लाइव डेमो,
रुद्रप्रयाग। आग की एक छोटी सी चिंगारी कब बड़े हादसे का रूप ले ले, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसे में आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय किस तरह तत्काल कदम उठाया जाए और किस प्रकार जान-माल की सुरक्षा की जाए, इसकी जानकारी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस के निर्देशन में फायर सर्विस टीम ने विद्यालय स्तर पर जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।
इसी क्रम में फायर सर्विस रुद्रप्रयाग की टीम ने ख्रीष्ट ज्योति अकादमी, रुद्रप्रयाग में विशेष अग्नि सुरक्षा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशन में अग्निशमन द्वितीय अधिकारी नीरज सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्टाफ को आग से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।
सिर्फ जानकारी नहीं, बच्चों को कराया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण,
रुद्रप्रयाग पुलिस की इस पहल की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों को केवल अग्नि सुरक्षा के नियम बताकर कार्यक्रम समाप्त नहीं किया गया, बल्कि उन्हें अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
फायर सर्विस कर्मियों ने फायर एस्टिंग्विशर का इस्तेमाल करके प्रदर्शन किया और छात्र-छात्राओं को बताया कि आग लगने की स्थिति में अग्निशमन उपकरण का सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से किस प्रकार प्रयोग किया जा सकता है। इस दौरान विद्यार्थियों को आग की स्थिति में सही समय पर सही निर्णय लेने के महत्व को भी समझाया गया।
आग लगे तो सबसे पहले क्या करें?

फायर सर्विस टीम ने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को बताया कि आग लगने की स्थिति में सबसे पहले घबराने के बजाय स्थिति को समझना जरूरी है। तत्काल संबंधित लोगों को सूचना देने, सुरक्षित स्थान की ओर जाने और उपलब्ध अग्निशमन संसाधनों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी को लेकर भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। फायर सर्विस कर्मियों ने स्पष्ट किया कि आग की घटना के दौरान अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है और बिना जानकारी के आग बुझाने की कोशिश करना खतरनाक साबित हो सकता है।
बच्चों को बनाया गया अग्नि सुरक्षा का संदेशवाहक,

कार्यक्रम के दौरान फायर सर्विस टीम ने छात्र-छात्राओं को अग्नि सुरक्षा के प्रति हमेशा सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों से कहा गया कि विद्यालय में मिली जानकारी को वे केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।
फायर सर्विस का मानना है कि बच्चों और युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करना भविष्य में बड़े हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
जागरूकता से कम होगा हादसों का खतरा,

रुद्रप्रयाग जैसे पर्वतीय जनपद में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूकता और त्वरित प्रतिक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। फायर सर्विस का यह अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय परिवार को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में सूझबूझ, सतर्कता और तत्परता के साथ प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना रहा।
रुद्रप्रयाग पुलिस और फायर सर्विस की यह पहल इस संदेश को मजबूत करती है कि हादसा होने के बाद बचाव से बेहतर है हादसे से पहले तैयारी। यदि आमजन को आग से बचाव और अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी हो, तो शुरुआती स्तर पर ही आग को नियंत्रित कर बड़े नुकसान को रोका जा सकता है।
नंदा न्यूज़ | रुद्रप्रयाग

