नंदा न्यूज़ | विशेष रिपोर्ट
थराली में परिवर्तन की नई शुरुआत, गणेश शाह के साथ?
जनहित और सुरक्षा के मुद्दों को लेकर डीजीपी से मिले कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ से आज कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की सुरक्षा और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। मुलाकात के दौरान कर्णप्रयाग में चारधाम यात्रा के दौरान हुई हालिया घटना का भी मुद्दा उठाया गया, जिसमें कुछ सिख श्रद्धालुओं द्वारा तलवार से हमला किए जाने का मामला सामने आया था।
गणेश शाह ने डीजीपी से मांग की कि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने थराली विधानसभा क्षेत्र के कुलसारी क्षेत्र में एक नियमित पुलिस चौकी स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिल सके।
गणेश शाह ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित पहुंच और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुलसारी में पुलिस चौकी की स्थापना समय की आवश्यकता है।
वर्तमान में कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे गणेश शाह को जनता के बीच एक सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में देखा जाता है। स्थानीय लोगों के सुख-दुख में लगातार मौजूद रहने और क्षेत्रीय समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाने के कारण उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
राजनीतिक गलियारों में भी गणेश शाह का नाम चर्चा में है। उन्हें थराली विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। क्षेत्र में इन दिनों एक नारा भी तेजी से चर्चा में है— “थराली में परिवर्तन की नई शुरुआत, गणेश शाह के साथ।”
हालांकि टिकट को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को लेना है, लेकिन जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने के कारण गणेश शाह की सक्रियता थराली विधानसभा की राजनीति में नई चर्चा का विषय बनी हुई है।
डीजीपी से मिले गणेश शाह, सुरक्षा और जनहित के मुद्दों को उठाया – थराली में बढ़ी राजनीतिक चर्चा

