ब्रेकिंग न्यूज़

“राजधानी देहरादून के छह नंबर पुलिया क्षेत्र में स्थित शराब के ठेके के बाहर देर रात दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी”

राजधानी देहरादून के छह नंबर पुलिया क्षेत्र में स्थित शराब के ठेके के बाहर देर रात दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। इस फायरिंग में दो निर्दोष राहगीर गोली लगने से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

देहरादून के छह नंबर पुलिया क्षेत्र में शराब के ठेके के बाहर देर रात दो गुटों के बीच अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी के दौरान वहां से गुजर रहे दो राहगीर इसकी चपेट में आ गए।
घायलों में एक व्यक्ति के सीने में गोली लगी है, जबकि दूसरे के कंधे में गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं दूसरे घायल का दून हॉस्पिटल, देहरादून में उपचार चल रहा है।
फिलहाल दोनों गुटों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *