चमोली जिले के विकासखंड देवाल में 6 जुलाई 2026 को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवाल के तत्वावधान में विशाल जन आक्रोश रैली आयोजित की जाएगी। रैली के माध्यम से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी की गई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवाल द्वारा जारी पोस्टर के अनुसार, यह जन आक्रोश रैली क्षेत्र की उपेक्षा के विरोध और जनता के अधिकारों की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि देवाल क्षेत्र लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, संचार, बिजली, पेयजल और प्रशासनिक सुविधाओं जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है।
रैली में भवन विहीन तहसील के लिए स्थायी भवन निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, विद्यालयों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने, सड़कों की बदहाल स्थिति में सुधार और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
नंदा न्यूज़ से विशेष बातचीत में कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ता और वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव के संभावित “विधायक” के प्रबल दावेदार संदीप पटवाल ने कहा कि देवाल क्षेत्र आज भी बिजली, पेयजल, शिक्षा, बेरोजगारी और सबसे बढ़कर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र का विकास प्रभावित होता रहेगा।
*संदीप पटवाल* ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि 6 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में देवाल पहुंचें और जन आक्रोश रैली को सफल बनाएं, ताकि क्षेत्र की आवाज सरकार और प्रशासन तक मजबूती से पहुंच सके।
अब देखना होगा कि 6 जुलाई को होने वाली इस जन आक्रोश रैली में कितनी संख्या में लोग शामिल होते हैं और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उठने वाली यह आवाज प्रशासन और सरकार तक कितना प्रभाव छोड़ पाती है।

