ब्रेकिंग न्यूज़

कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

देहरादून से बड़ी खबर।

कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सहसपुर–सहारनपुर बॉर्डर पर दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में सुरक्षा, यातायात और आपसी समन्वय को लेकर अहम रणनीति तैयार की गई।
देहरादून के धर्मावाला स्थित सहसपुर–सहारनपुर बॉर्डर पर आगामी कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना रहा।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी सर्किल सहसपुर ने की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद से क्षेत्राधिकारी बेहट, प्रभारी निरीक्षक मिर्जापुर और चौकी प्रभारी बादशाही बाग सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं उत्तराखंड पुलिस की ओर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहसपुर, वरिष्ठ उप निरीक्षक विकासनगर, चौकी प्रभारी धर्मावाला, कुल्हाल और हरबर्टपुर ने भाग लिया।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, कानून एवं शांति व्यवस्था कायम रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा दोनों राज्यों की पुलिस के बीच सूचना के त्वरित आदान-प्रदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार करने पर सहमति जताई। साथ ही यह भी तय किया गया कि यात्रा के दौरान दोनों राज्यों की पुलिस लगातार समन्वय बनाकर कार्य करेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा तथा पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगी
फिलहाल कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हैं और उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश पुलिस संयुक्त रूप से हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
नंदा न्यूज़ — सच के साथ, उत्तराखंड की बात।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *