ब्रेकिंग न्यूज़

“नारायणबगड़ ने खोया अपना सेवाभावी चिकित्सक, जर्जर दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी का निधन”

“नारायणबगड़ ने खोया अपना सेवाभावी चिकित्सक,नारायणबगड़ ने खोया अपना सेवाभावी चिकित्सक, जर्जर दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी का निधन”

चमोली। जनपद चमोली के नारायणबगड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से शनिवार को बेहद दुखद खबर सामने आई। अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन जर्जर दीवार का निरीक्षण कर रहे चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी अचानक दीवार गिरने से मलबे की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल डॉ. डिमरी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉ. नवीन चंद्र डिमरी लंबे समय से नारायणबगड़ क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे एक कुशल, सरल, मिलनसार और संवेदनशील चिकित्सक के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने निस्वार्थ भाव से हजारों मरीजों का उपचार कर क्षेत्रवासियों का विश्वास और सम्मान अर्जित किया था। उनके असामयिक निधन से पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर की पुरानी जर्जर दीवार का पुनर्निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान डॉ. डिमरी निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वे मलबे में दब गए। इस हादसे ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जर्जर दीवार का निर्माण समय रहते और पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ किया गया होता, तो शायद यह दुखद हादसा टाला जा सकता था।
डॉ. डिमरी के निधन से स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पूरे क्षेत्र ने एक समर्पित चिकित्सक और मानवता की सेवा में जीवन समर्पित करने वाले व्यक्तित्व को खो दिया है। क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
नंदा न्यूज़ परिवार भी दिवंगत डॉ. नवीन चंद्र डिमरी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *