देवभूमि उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर देहरादून जनपद की ग्राम पंचायत सिद्धूवाला में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। ग्राम प्रधान गीति निधि गैरोला के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
हरेला पर्व के अवसर पर ग्राम पंचायत सिद्धूवाला में ग्राम प्रधान गीति निधि गैरोला के नेतृत्व में आंगनवाड़ी केंद्र सिद्धूवाला / ग्राम पंचायत भवन व विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य, जनप्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इस दौरान फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए। ग्राम प्रधान गीति निधि गैरोला ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छ एवं हरित ग्राम बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
हरेला पर्व के इस आयोजन ने ग्राम पंचायत सिद्धूवाला में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता का संदेश दिया।
महिपाल सिंह नेगी : नंदा न्यूज “सिद्धूवाला देहरादून”।

