बड़ी खबर देहरादून से, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखंड पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
देवभूमि उत्तराखंड में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया गया। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचते ही प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया।
राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा संगठन को नई ऊर्जा देगा और आगामी राजनीतिक रणनीति को भी मजबूती प्रदान करेगा।
राहुल गांधी आज देहरादून में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। इससे पहले राजस्थान के कोटा में छात्रों के साथ राहुल गांधी का संवाद काफी चर्चा में रहा था। अब राजनीतिक जानकारों की नजर देहरादून के इस कार्यक्रम पर टिकी है कि यहां छात्रों और युवाओं की भागीदारी कितनी रहती है और राहुल गांधी का संदेश कितना प्रभाव छोड़ता है।
दूसरी ओर, भाजपा भी राहुल गांधी के इस दौरे पर नजर बनाए हुए है और इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। ऐसे में देहरादून का यह कार्यक्रम केवल छात्र संवाद तक सीमित नहीं, बल्कि उत्तराखंड की राजनीति में भी अहम माना जा रहा है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि राहुल गांधी का यह संवाद कार्यक्रम कितना सफल रहता है और इसका प्रदेश की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।
बड़ी खबर देहरादून से, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखंड पहुंचे।

