ब्रेकिंग न्यूज़

“देहरादून पुलिस का ऑपरेशन प्रहार सफल — दिल्ली का शातिर स्नैचर गिरफ्तार, लूटी गई चेन बरामद, डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमों का आरोपी निकला!”

ऑपरेशन प्रहार: दिल्ली का शातिर चेन स्नैचर देहरादून पुलिस के हत्थे चढ़ा, लूटी गई चेन और बाइक बरामद
देहरादून, 30 जुलाई। देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पटेलनगर क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दिल्ली के एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीनी गई पीली धातु की चेन और वारदात में प्रयुक्त यामाहा मोटरसाइकिल (DL-85-DS-3538) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को बंजारावाला हनुमान एन्क्लेव निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भद्री गेस्ट हाउस के पास एक अज्ञात युवक झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीनकर फरार हो गया। मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार निगरानी के बाद 29 जुलाई 2026 को चंद्रबनी रोड, पटेलनगर से आरोपी शहजाद अली (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ दिल्ली से देहरादून घूमने आया था। नशे की लत और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पर दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, स्नैचिंग और अन्य आपराधिक मामलों के डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास की भी पुष्टि की है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुसाईं के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। बरामदगी में छीनी गई चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल है।
नंदा न्यूज ब्रेकिंग:रिपोर्टिंग-महिपाल सिंह नेगी देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *