ब्रेकिंग न्यूज़

“यूपीसीएल-पीटीसीयूएल के संविदा कर्मचारियों को समान वेतन का आदेश, संगठन ने जताया आभार”

***यूपीसीएल-पीटीसीयूएल के संविदा कर्मचारियों को समान वेतन का आदेश, संगठन ने जताया आभार***

रिपोर्ट: महिपाल सिंह नेगी | नंदा न्यूज़ | देहरादून

देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) और पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पीटीसीयूएल) में उपनल के माध्यम से कार्यरत संविदा कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत मिली है। समान वेतन के साथ महंगाई भत्ते का लाभ देने तथा विभाग में समायोजन संबंधी आदेश जारी होने के बाद संविदा कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
गुरुवार को उत्तराखंड विद्युत संविदा कर्मचारी संगठन (इंटक) का एक प्रतिनिधिमंडल ऊर्जा भवन स्थित मुख्यालय पहुंचा, जहां संगठन के पदाधिकारियों ने यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी से मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट किया और वर्षों से लंबित मांग पूरी होने पर उनका आभार व्यक्त किया। संगठन ने इस निर्णय को संविदा कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।
इस दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने निदेशक (परिचालन) एम.आर. आर्या, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) आर.जे. मलिक, निदेशक वित्त कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक (तकनीकी) संजय टम्टा, मुख्य अभियंता राजकुमार, आशीष अरोड़ा सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। संगठन का कहना था कि इन अधिकारियों के प्रयासों और सकारात्मक पहल से समान वेतन संबंधी आदेश लागू हो सके।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कवि ने कहा कि संविदा कर्मचारियों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी। इस निर्णय से हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी तथा कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों के लिए सकारात्मक संवाद बनाए रखेगा।
विनोद कवि ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (ऊर्जा) तथा शासन के सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन और विभाग के सहयोग से वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकी, जिससे संविदा कर्मचारियों में उत्साह और संतोष का माहौल है।
ऊर्जा भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कवि के साथ सुनील चौहान, शीला बोरा, नीरज उनियाल, मालती कपूर, बिजेंद्र भंडारी, जयवीर भंडारी, संगीता नेगी, तेजपाल रावत, केसर, प्रमोद बिष्ट, लक्ष्मी जुयाल, नीलांबरी थापा, पूजा लूथरा, आरती, जितेंद्र नेगी, दीपक कंडवाल, दीपक रावत, शैलेन्द्र, उमेश जोशी, रवि राणा सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
फिलहाल, समान वेतन संबंधी आदेश लागू होने के बाद प्रदेश भर के संविदा कर्मचारियों में खुशी का माहौल है और संगठन ने इसे कर्मचारियों के लंबे संघर्ष की बड़ी जीत बताया है।
महिपाल सिंह नेगी
…. नंदा न्यूज़।देहरादून!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *