ब्रेकिंग न्यूज़

*डोईवाला में चोरी का 8 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार*

“डोईवाला में चोरी का 8 घंटे में खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार”

देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में दुकान का शटर और कांच का दरवाजा तोड़कर नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई 2,500 रुपये की नगदी बरामद की है।

मामला भानियावाला स्थित गणपति गार्डन के पास की एक दुकान का है। 16 अगस्त को दुकान संचालक मुकेश चौहान ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर दुकान का शटर और कांच का दरवाजा तोड़कर अंदर रखी नगदी चोरी कर ले गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोर पुलिया, भानियावाला-जौलीग्रांट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान राजू रावत, उम्र 30 वर्ष, निवासी केशवपुरी बस्ती, डोईवाला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 2,500 रुपये की पूरी नगदी बरामद हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे तथा अपनी अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक राजू रावत के खिलाफ चोरी, आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं में कुल 8 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वह पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस टीम अब मामले में अन्य संभावित संलिप्तता और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

*गिरफ्तार आरोपी*

राजू रावत, पुत्र भूपेन्द्र रावत, निवासी केशवपुरी बस्ती, डोईवाला, देहरादून, उम्र 30 वर्ष।

*बरामदगी*

*चोरी किए गए 2,500 रुपये नगद*

*पुलिस टीम*

उपनिरीक्षक चिंता मणी मैठाणी, चौकी प्रभारी जौलीग्रांट, हेड कांस्टेबल विशाल शर्मा, हेड कांस्टेबल शहबान अली और कांस्टेबल अजेन्द्र बुटोला।

नदा न्यूज | संवाददाता: महिपाल सिंह नेगी

ताज़ा खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज और हमारे पेज को सब्सक्राइब जरूर करें। nandanews.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *