*बुजुर्गों के द्वार पहुंची दून पुलिस, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके*
देहरादून। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं को लेकर दून पुलिस ने संवेदनशील पहल की है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर बसंत विहार थाना पुलिस की टीम ने थाना क्षेत्र में रहने वाले बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उनकी कुशलक्षेम पूछी।
इस दौरान पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों से उनकी दैनिक सुरक्षा और किसी तरह की परेशानी को लेकर बातचीत की। साथ ही उन्हें बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया।
पुलिस ने बुजुर्गों को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और साइबर फ्रॉड के अन्य तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने वरिष्ठ नागरिकों से कहा कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या किसी आपात स्थिति की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। इस दौरान उन्हें उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न जनहितकारी सेवाओं, हेल्पलाइन और आपातकालीन सहायता व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई।
दून पुलिस ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हर संभव प्रयास करेगी और जरूरत पड़ने पर पुलिस उनके साथ खड़ी रहेगी।
पुलिस की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों में भी सुरक्षा का भरोसा नजर आया। बुजुर्गों ने एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
नंदा न्यूज | देहरादून
ताज़ा और भरोसेमंद खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज और हमारे पेज को सब्सक्राइब जरूर करें। nandanews.in

