ब्रेकिंग न्यूज़

“नारायणबगड़ में हिंसक कुत्तों का आतंक, लोगों में दहशत”

नारायणबगड़ में हिंसक कुत्तों का आतंक, लोगों में दहशत

4 से 5 कुत्तों के हिंसक होने की सूचना, कई लोगों के काटे जाने का दावा; प्रशासन और पशुपालन विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग,
नारायणबगड़, चमोली। विकासखंड नारायणबगड़ और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों आवारा कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं। मींगगधेरा, हरमनी, आली और मुख्य बाजार के आसपास करीब 4 से 5 कुत्तों के हिंसक होने की सूचना सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन कुत्तों के हमले में कुछ लोगों के काटे जाने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
सबसे ज्यादा चिंता बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार और सुनसान रास्तों पर आवाजाही के दौरान कुत्तों के झुंड से खतरा बना हुआ है। सुबह के समय बच्चों के बाहर निकलने को लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं।
मामले को लेकर प्रमुख “गणेश चंदोला” और यूट्यूबर “जयबीर कंडारी” ( ‘गुड्डू’ ) ने भी क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा कि बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और संदिग्ध अथवा हिंसक कुत्तों के पास जाने या उन्हें छेड़ने से बचें।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पशुपालन विभाग से मांग की है कि हिंसक कुत्तों को जल्द पकड़ने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके। वहीं, प्रशासन और पशुपालन विभाग के सक्रिय होने तथा जल्द स्थिति नियंत्रित किए जाने की बात भी सामने आई है।
यदि किसी व्यक्ति को कुत्ते ने काटा है तो उसे बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लेने और आवश्यक रेबीज रोधी उपचार/इंजेक्शन कराने की अपील की गई है।
क्षेत्रवासियों से यह भी कहा गया है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध या हिंसक कुत्ता दिखाई देता है तो स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल संबंधित विभाग या प्रशासन को सूचना दें।

नन्दा न्यूज
नारायणबगड़ से सुमित सती की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *