प्रेमनगर में हॉस्टल-पीजी पर पुलिस का शिकंजा
देर रात औचक चेकिंग में चार संचालकों को नोटिस, चार युवक हिरासत में
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में हॉस्टल और पीजी में रहने वाले छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने देर रात औचक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र के कई हॉस्टल और पीजी में पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने हॉस्टल संचालकों को सभी छात्र-छात्राओं का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने के निर्देश दिए। साथ ही आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और छात्र-छात्राओं के लिए रात 10 बजे प्रवेश की समयसीमा निर्धारित करने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, नशाखोरी या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों में किसी छात्र के संलिप्त पाए जाने पर उसके साथ संबंधित हॉस्टल या पीजी संचालक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले चार युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से प्रेमनगर क्षेत्र के हॉस्टल और पीजी संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने नियमों का पालन नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।

