ब्रेकिंग न्यूज़

‘प्रेम नगर के चाय बागान में सुबह-सुबह पहुंचीं दो जेसीबी, ग्रामीणों में मचा हड़कंप,

प्रेम नगर के चाय बागान में सुबह-सुबह पहुंचीं दो जेसीबी, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया काम
देहरादून। प्रेम नगर क्षेत्र के पितांबरपुर स्थित चाय बागान में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब छह से साढ़े छह बजे दो जेसीबी मशीनों के साथ कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी और बाउंसरों की मौजूदगी में चाय बागान की जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही थी।
सुबह-सुबह भारी मशीनों के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी से चल रहे काम को रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई से पहले चाय के कई पेड़ भी उखाड़ दिए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि जेसीबी लेकर पहुंचे लोगों से जमीन से संबंधित दस्तावेज दिखाने को कहा गया, लेकिन मौके पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जे की कोशिश करने वाले लोग हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ग्रामीण जयवीर सिंह राणा ने पूरे मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चाय बागान की जमीन पर बाहरी लोगों द्वारा कब्जे की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने जेसीबी को मौके पर काम करने से रोक दिया है।
अब पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौके पर पहुंचे लोगों के पास जमीन से संबंधित वैध दस्तावेज हैं या नहीं और चाय बागान की जमीन पर कार्रवाई किस आधार पर की जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *