ब्रेकिंग न्यूज़

“तीज के रंग में रंगी पुलिस लाइन, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह”

“तीज के रंग में रंगी पुलिस लाइन, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा समारोह”

“पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साह के साथ मनाया हरियाली तीज का पर्व, सुनीता जैन बनीं तीज क्वीन”

देहरादून। पुलिस लाइन देहरादून में शुक्रवार को हरियाली तीज का पर्व पारंपरिक उल्लास, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के साथ धूमधाम से मनाया गया। पुलिस परिवार की महिलाओं के लिए आयोजित भव्य तीज समारोह में लोकगीतों की गूंज, चूड़ियों की खनक, पारंपरिक वेशभूषा और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में महिलाओं ने तीज के पारंपरिक झूलों का आनंद लेने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती गुरमीत कौर और विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में प्रतिभाग करते हुए लोकगीत, नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में आयोजित मनोरंजक गतिविधियों ने महिलाओं के उत्साह को और बढ़ाया।

सुनीता जैन बनीं तीज क्वीन

हरियाली तीज समारोह में आयोजित तीज क्वीन प्रतियोगिता आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। पुलिस परिवार की महिलाओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर श्रीमती सुनीता जैन को तीज क्वीन चुना गया। वहीं श्रीमती रजनी रावत फर्स्ट रनरअप और श्रीमती नेहा तथा श्रीमती पार्वती सेकंड रनरअप रहीं।

मेहंदी प्रतियोगिता में भी दिखी प्रतिभा

समारोह में आयोजित बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिता में भी महिलाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कु. भूमि ने प्रथम, कु. रागनी ने द्वितीय और श्रीमती पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मेधावी बच्चों का भी हुआ सम्मान

कार्यक्रम में पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले वैभव सिंह पुत्र विक्रान्त कुमार और अभिनव राणा पुत्र शैलेश राणा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षित चौधरी पुत्र योगेश सिंह चौधरी को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने मेधावी बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

परंपराओं को जीवंत रखने में ऐसे आयोजनों की अहम भूमिका

मुख्य अतिथि श्रीमती गुरमीत कौर और विशिष्ट अतिथि श्रीमती गीता धामी ने पुलिस परिवार की महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज जैसे पारंपरिक पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार के सदस्यों को व्यस्तताओं के बीच खुशियों के पल साझा करने और आपसी जुड़ाव मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस तरह के कार्यक्रम परिवार में प्रेम, सहयोग और सौहार्द की भावना को बढ़ाने के साथ पुलिस परिवार की एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा को भी मजबूत करते हैं।

मंच संचालन ने बांधे रखा माहौल

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक लोकगीत, नृत्य और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। तीज के झूले, गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों के बीच महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

समारोह के मंच संचालन की जिम्मेदारी श्रीमती सरिता डोबाल, पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना मुख्यालय, श्रीमती जया बलोनी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, श्रीमती ऐश्वर्या, श्रीमती वंदना वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक देहरादून, श्रीमती भावना पंत, श्रीमती अंजू रावत तथा पुलिस परिवार से कु. निधि और श्रीमती सुमन, अध्यापक पुलिस मॉडर्न स्कूल ने संभाली।

समारोह में श्रीमती गौरी सेठ पत्नी श्री दीपम सेठ, श्रीमती सोनू पत्नी श्री सुनील कुमार मीना, श्रीमती तनवी सिंह पत्नी श्री बरिन्द्र जीत सिंह, श्रीमती सरोज पत्नी श्री धीरेन्द्र सिंह गुंज्याल, श्रीमती निधि पत्नी श्री अमित श्रीवास्तव, श्रीमती रेनू लोहानी, अपर पुलिस अधीक्षक, श्रीमती अनिता अंथवाल पत्नी श्री सी.डी. अंथवाल, श्रीमती पूर्णिमा गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक कार्मिक, श्रीमती जूही मनराल, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय सहित अन्य अतिथिगण और पुलिस परिवार की महिलाएं मौजूद रहीं।

अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज पर्व की खुशियां साझा कीं। पुलिस लाइन में आयोजित यह समारोह महिला प्रतिभा, लोक संस्कृति, पारिवारिक सौहार्द और पुलिस परिवार की एकजुटता का खूबसूरत उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *