‘बुजुर्गों के द्वार पहुंची दून पुलिस, जाना हाल-चाल,
“विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर एसएसपी ने सीनियर सिटीजन्स से की मुलाकात, साइबर अपराध से बचाव के लिए किया जागरूक”
देहरादून। विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर देहरादून पुलिस ने बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने संयुक्त नागरिक संगठन के सीनियर सिटीजन्स से शिष्टाचार भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि जरूरत के समय दून पुलिस हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
मुलाकात के दौरान एसएसपी ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीनियर सिटीजन्स ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए एसएसपी को शॉल पहनाकर सम्मानित किया।

इसी क्रम में एसएसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रहने वाले एकल एवं बुजुर्ग नागरिकों के घर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों से उनकी समस्याओं की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पुलिस टीमों ने इस दौरान बुजुर्गों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया। उन्हें साइबर ठगी से बचने के उपाय, संदिग्ध फोन कॉल, लिंक और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल सहायता मिल सके, इसके लिए बुजुर्गों को पुलिस कंट्रोल रूम के साथ संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए।
दून पुलिस की इस पहल से बुजुर्गों में सुरक्षा और भरोसे का भाव देखने को मिला। पुलिसकर्मियों को बुजुर्गों ने आशीर्वाद देते हुए एसएसपी की पहल की सराहना की। पुलिस की यह पहल न केवल वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि पुलिस और समाज के बीच भरोसे के रिश्ते को भी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

