ब्रेकिंग न्यूज़

‘एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, 192 कार्ड बरामद,

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, 192 कार्ड बरामद,

विकासनगर। एटीएम बूथों पर मदद के बहाने लोगों के डेबिट कार्ड बदलकर बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। विकासनगर पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 192 एटीएम/डेबिट कार्ड, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और सीधे-सादे लोगों को निशाना बनाते थे। एटीएम से पैसे निकालते समय मदद करने के बहाने उनका कार्ड चतुराई से बदल लेते थे और किसी तरह पिन की जानकारी हासिल करने के बाद दूसरे एटीएम से खातों से रकम निकाल लेते थे। वारदात के बाद आरोपी कार या बाइक से तत्काल फरार हो जाते थे।

“हर्बर्टपुर में चेकिंग के दौरान पकड़े गए”

21 अगस्त को विकासनगर पुलिस हर्बर्टपुर चौक क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध व्यक्ति स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल से क्षेत्र में घूम रहे हैं और एटीएम ठगी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने पोंटा रोड हर्बर्टपुर में ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के पास स्विफ्ट कार UP14BX8591 को रोककर तलाशी ली। कार में सवार चारों संदिग्धों के पास से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, 12 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने कार्डों को अलग-अलग लोगों से ठगी कर हासिल करना स्वीकार किया।

पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर कोतवाली विकासनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

“पहले भी कई राज्यों में दर्ज हैं मामले”

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगमोहन निवासी सहारनपुर, नीटू निवासी मुजफ्फरनगर, सोनू निवासी सहारनपुर और आशु कुमार निवासी रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और असम समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी व चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। कुछ आरोपी पूर्व में एटीएम ठगी के मामलों में जेल भी जा चुके हैं।

पुलिस अब बरामद 192 एटीएम कार्डों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क तथा पूर्व की अन्य वारदातों का पता लगाने में जुटी है।

“यह सामान हुआ बरामद”

पुलिस ने आरोपियों से 192 विभिन्न बैंकों के एटीएम/डेबिट कार्ड, एक 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, स्विफ्ट कार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, 1,200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी आशु के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड और एक अन्य डेबिट कार्ड भी मिला है।

कार्रवाई में कोतवाली विकासनगर प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, चौकी प्रभारी हर्बर्टपुर मयंक त्यागी समेत पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *