सेलाकुई की फार्मा कंपनी में चोरी का खुलासा, कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड
देहरादून। सेलाकुई क्षेत्र की एक फार्मा कंपनी से 27 किलो Cefixime औषधि पाउडर चोरी होने के मामले का दून पुलिस ने महज तीन दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस ने कंपनी के ही सीनियर एग्जीक्यूटिव कर्मचारी अनिल चौहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी की पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ माल बेच दिया था, जबकि बाकी माल को भी ठिकाने लगाने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को मैसर्स ईस्ट अफ्रीकन इंडिया ओवरसीज फार्मा सिटी, सेलाकुई के अधिकृत प्रतिनिधि जितेंदर कुमार ने थाना सेलाकुई में तहरीर देकर कंपनी से 27 किलो Cefixime पाउडर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी अनिल चौहान को 22 अगस्त को सेलाकुई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक निर्माणाधीन भवन के कमरे से दो किलो Cefixime औषधि पाउडर बरामद किया। इसके अलावा चोरी के पाउडर को बेचकर हासिल किए गए 50 हजार रुपये भी आरोपी के कब्जे से बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शेष चोरी किए गए माल को भी बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी अनिल चौहान की उम्र 33 वर्ष है और वह मूल रूप से अमरोहा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमेर सिंह और कांस्टेबल इरशाद शामिल रहे।

