*राजपुर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 24 घंटे में चोर गिरफ्तार*
*होटल से चोरी हुए दो मोबाइल, स्कूटी और नकदी बरामद; सीसीटीवी फुटेज बनी अहम कड़ी*
देहरादून। राजपुर थाना पुलिस ने होटल में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन, स्कूटी और 3490 रुपये की नकदी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, सहस्त्रधारा रोड स्थित एक होटल से 21 अगस्त को दो मोबाइल फोन, नकदी और स्कूटी चोरी होने की शिकायत राजपुर थाने में दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध के आने-जाने वाले रास्तों की पड़ताल की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 22 अगस्त को कृशाली चौक, सहस्त्रधारा रोड पर चेकिंग के दौरान 23 वर्षीय ऋषभ कुमार पुत्र राजकुमार, निवासी मंदाकिनी विहार, थाना रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी के दोनों मोबाइल फोन, 3490 रुपये नकद और UK07 HC 5782 नंबर की स्कूटी बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में बरामदगी के आधार पर पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले किसी अन्य चोरी की वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।
*बरामद सामान*
दो मोबाइल फोन
3490 रुपये नकद
चोरी की स्कूटी
*पुलिस टीम*
उपनिरीक्षक महावीर सिंह, कांस्टेबल अरविंद और कांस्टेबल प्रदीप ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

