देहरादून की राजधानी में हुड़दंगियों की अब खैर नहीं
मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 21 बुलेट और काली फिल्म वाले 3 थार-स्कॉर्पियो सीज
देहरादून। राजधानी देहरादून में यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर हुड़दंग और रौब दिखाने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर क्लेमेनटाउन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 21 रॉयल इनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलों तथा शीशों पर काली फिल्म लगी 3 थार और स्कॉर्पियो वाहनों को सीज किया है।
क्षेत्र में लंबे समय से स्थानीय नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतें सामने आ रही थीं कि कुछ युवक, विशेषकर निजी विश्वविद्यालयों से जुड़े छात्र, मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों से तेज आवाज करते हुए सड़कों और गलियों में रैश ड्राइविंग कर रहे हैं। कई बार इन बाइकों से पटाखे जैसी तेज आवाज निकलने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायतों का संज्ञान लेते हुए क्लेमेनटाउन पुलिस ने सीनियर सिटीजन दिवस से 24 घंटे का विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई। पुलिस की जांच में सामने आया कि सीज किए गए कई वाहन निजी विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे थे। मामले में संबंधित विश्वविद्यालय प्रबंधन को पत्र भेजकर छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है।

पुलिस की कार्रवाई को केवल चालान या वाहन सीज करने तक सीमित नहीं रखा जा रहा है। क्लेमेनटाउन पुलिस अब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी में है।
राजधानी की सड़कों पर बढ़ते शोर, रैश ड्राइविंग और नियमों की खुलेआम अनदेखी को लेकर पुलिस का यह अभियान अहम माना जा रहा है। खासकर उन वाहन चालकों के लिए यह स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर दिखावा और हुड़दंग अब भारी पड़ सकता है।
दून पुलिस ने अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है। ऐसे में आने वाले दिनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, काली फिल्म और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है।

