रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार,
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के रक्षा विहार चूना भट्टा स्थित मुस्लिम बस्ती में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान इफ्तिखार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक की परिस्थितियों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 22-23 अगस्त की देर रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में मस्जिद के पास एक युवक कांच से चोटिल हो गया है। उसके साथी उसे उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में घटना की जानकारी जुटाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी डोईवाला भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

*दूध पीने की शर्त के बाद हुआ विवाद*
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक इफ्तिखार और आरोपी अनस आपस में मित्र थे। बताया गया कि शाम के समय दोनों अनस के कार्यालय में अन्य साथियों के साथ बैठे थे। इसी दौरान दोनों के बीच दूध पीने को लेकर शर्त लगी। पुलिस के अनुसार दोनों ने करीब एक-एक किलो दूध पीने के बाद आपस में जोर आजमाइश शुरू कर दी।
इसी दौरान धक्का लगने से इफ्तिखार कांच के दरवाजे पर जा गिरा। कांच का दरवाजा टूटने से शीशा उसके दाहिने हाथ की बगल के हिस्से में जा घुसा। गंभीर चोट लगने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद अनस और उसके साथियों ने घायल इफ्तिखार को तत्काल इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हालांकि पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को केवल प्रारंभिक जांच के आधार पर देख रही है। घटना की वास्तविक परिस्थितियों और इसमें आरोपियों की भूमिका को लेकर विस्तृत जांच जारी है।
*सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस*
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की वैज्ञानिक और निष्पक्ष तरीके से जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपियों को आंचल डेयरी रोड, रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
*गिरफ्तार आरोपी*
1. आरीश पुत्र मोहम्मद तालीब, निवासी रक्षा विहार, चूना भट्टा, थाना रायपुर, उम्र 28 वर्ष।
2. अनस पुत्र नसीम अहमद, निवासी रक्षा विहार, चूना भट्टा, थाना रायपुर, उम्र 22 वर्ष।
3. जावेद पुत्र नईम अहमद, निवासी रक्षा विहार, चूना भट्टा, थाना रायपुर, उम्र 23 वर्ष।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण के प्रत्येक पहलू की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

