देहरादून। 26 अगस्त को शिवाजी धर्मशाला से टपकेश्वर मंदिर तक प्रस्तावित शोभायात्रा को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर के लिए यातायात प्लान जारी किया है। शोभायात्रा सुबह करीब 10 बजे शिवाजी धर्मशाला से शुरू होगी और सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पल्टन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान यातायात को आवश्यकता के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा का रूट
शोभायात्रा शिवाजी धर्मशाला से शुरू होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पल्टन बाजार, घंटाघर, बिंदाल होते हुए कैंट क्षेत्र में प्रवेश करेगी। इसके बाद डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक से होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी।
सहारनपुर चौक पर रहेगा डायवर्जन
शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से रवाना होने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को रोक-रोककर आगे भेजा जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने से पहले बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा। बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को कमला पैलेस और लक्ष्मण चौक से आने वाले वाहनों को पार्क रोड की ओर भेजा जाएगा। शोभायात्रा के झंडा बाजार में प्रवेश करने और सहारनपुर चौक पर यातायात सामान्य होने के बाद इन डायवर्जन को हटा दिया जाएगा।
घंटाघर और बिंदाल क्षेत्र में भी यातायात डायवर्ट
शोभायात्रा के घंटाघर पहुंचने पर घंटाघर से चकराता रोड की ओर जाने वाले वाहनों को दिलाराम चौक की ओर से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। बल्लूपुर की ओर से आने वाले यातायात को यातायात के दबाव के अनुसार बल्लूपुर से किशननगर चौक, बिंदाल चौकी कट, बिंदाल और कैंट क्षेत्र होते हुए दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शोभायात्रा का पिछला हिस्सा बिंदाल कट पार करने के बाद संबंधित डायवर्जन को सामान्य कर दिया जाएगा।
डाकरा रोड पर भी रहेगा डायवर्जन
शोभायात्रा के पोस्ट ऑफिस पहुंचने पर वाटिका तिराहा से आने वाले यातायात को आकाशगंगा तिराहा होते हुए पोस्ट ऑफिस की ओर भेजा जाएगा। वहीं पोस्ट ऑफिस से वाटिका तिराहा की ओर जाने वाले वाहनों को रोक-रोककर आगे बढ़ाया जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा डाकरा रोड पार करने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
इन स्थानों पर रहेंगे बैरियर और डायवर्जन प्वाइंट
यातायात पुलिस के अनुसार पटेल नगर मंडी, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शन लाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर पर बैरियर/डायवर्जन प्वाइंट बनाए जाएंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक घंटाघर, चकराता रोड और बल्लूपुर से घंटाघर मार्ग का प्रयोग करने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
लोडिंग वाहनों की शहर में एंट्री रहेगी बंद
शोभायात्रा के मद्देनजर सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों का शहर क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने देहरादून की जनता और शहर के सभ्रांत नागरिकों से अपील की है कि शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों का प्रयोग करने से बचें। उन्होंने लोगों से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक एवं डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में देहरादून पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

