“पटेलनगर में चोरी का खुलासा, नशे की लत पूरी करने के लिए होटल से कॉपर वायर चोरी करने वाले तीन गिरफ्तार”
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में होटल से एसी की कॉपर वायर चोरी होने के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 60 मीटर कॉपर वायर बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को इको दून होटल, पटेलनगर निवासी प्रभुदयाल ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि होटल में लगे एसी की कॉपर तार अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 अगस्त को चक्की टोला जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से चोरी की गई 60 मीटर कॉपर वायर भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने होटल से कॉपर वायर चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के माल को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
गिरफ्तार आरोपियों में 18 वर्षीय ललित साहनी उर्फ लाल बुआ, 19 वर्षीय विवेक साहनी उर्फ मार्टिन और 19 वर्षीय वंश यादव शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक विवेक साहनी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल राजदीप मलिक और कांस्टेबल हरीश नेगी शामिल रहे।
“बरामदगी: 60 मीटर चोरी की गई कॉपर वायर”।

