“हाथों ने एसएसपी दून की कलाई पर बांधी राखी, मिला सुरक्षा और सहयोग का भरोसा”
“ब्रह्मकुमारी संस्था की बहनों ने भी एसएसपी से भेंट कर दीर्घायु की कामना, महिला सुरक्षा के प्रयासों की सराहना”
देहरादून। रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय देहरादून में भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। PUNNYA The Experiential School और पुलिस मॉडर्न स्कूल की नन्हीं बालिकाओं ने एसएसपी देहरादून से मुलाकात कर उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनसे रक्षा का वचन लिया।
राखी बंधवाने के बाद एसएसपी ने बालिकाओं से उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों को उपहार भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान एसएसपी ने बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

वहीं, ब्रह्मकुमारी संस्था से पहुंची बहनों ने भी एसएसपी देहरादून को राखी बांधकर उनकी दीर्घायु और सुखद जीवन की कामना की। संस्था की बहनों ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में दून पुलिस की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस विभाग का आभार जताया।
एसएसपी ने ब्रह्मकुमारी संस्था से आई बहनों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता या सहायता होने पर वे पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है और जरूरत पड़ने पर दून पुलिस हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगी।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करने वाला यह संवाद खासा भावनात्मक रहा। नन्हीं बालिकाओं की राखी और पुलिस कप्तान का उन्हें दिया भरोसा इस पर्व के सामाजिक सरोकारों को भी उजागर करता नजर आया।

