ब्रेकिंग न्यूज़

“पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग करने वाले छात्रों पर दून पुलिस का शिकंजा”

पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग करने वाले छात्रों पर दून पुलिस का शिकंजा,

98 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति, 84 निलंबित और 4 निष्कासित — बाहरी छात्रों की गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर !

 

देहरादून। शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के नाम पर हुड़दंग, मारपीट, नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल छात्रों के खिलाफ दून पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत ऐसे 98 छात्रों को चिह्नित कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित संस्थानों को रिपोर्ट भेजी है।

पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर अब तक 84 छात्रों के खिलाफ निलंबन और चार छात्रों के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के इस कदम को शिक्षण संस्थानों में अनुशासन और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, विभिन्न थाना क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों, नशे के कारोबार, मारपीट और हुड़दंग में संलिप्त पाए गए छात्रों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही ऐसे छात्रों का रिकॉर्ड तैयार कर संबंधित विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थानों के प्रशासन को भेजा गया, ताकि उनके खिलाफ संस्थागत स्तर पर भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

*बाहरी छात्रों की भी निगरानी*

दून पुलिस अब शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत बाहरी छात्रों की पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है। पुलिस द्वारा उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि पढ़ाई की आड़ में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि, नशे का कारोबार या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि छात्र जीवन भविष्य निर्माण का समय है। ऐसे में किसी भी छात्र द्वारा कानून व्यवस्था बिगाड़ने अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का संदेश साफ है कि शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के साथ अनुशासन जरूरी है और हुड़दंग या अपराध के लिए छात्र होने का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *