सहारनपुर से चरस लाकर दून में खपाने की थी तैयारी, नेहरू कॉलोनी पुलिस की चेकिंग में चढ़ा हत्थे
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के बीच देहरादून पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 511 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी चरस की खेप उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद से लेकर देहरादून पहुंचा था और यहां स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री करने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार 29 अगस्त की देर रात नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम बाईपास फ्लाईओवर अंडरपास के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिहान (30), पुत्र नजम आलम, निवासी पठानपुरा खंड-04, देवबंद, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चरस देवबंद से लेकर आया था और देहरादून में नशे के आदी लोगों को बेचने की फिराक में था। हालांकि बिक्री से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक रिहान पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में दिल्ली में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ क्राइम ब्रांच दिल्ली में वर्ष 2024 में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज है।
नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस की खेप कहां से हासिल की गई थी और देहरादून में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी फव्वारा उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र कुमार और कांस्टेबल राविन्द्र शामिल रहे।
नंदा न्यूज | देहरादून

