ब्रेकिंग न्यूज़

अवैध शराब के खिलाफ दून पुलिस का शिकंजा, दो तस्कर गिरफ्तार,

रायवाला में 50 टेट्रा पैक देशी शराब, विकासनगर में 5 लीटर कच्ची शराब बरामद

देहरादून। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत पुलिस ने रायवाला और विकासनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से अवैध शराब बरामद की गई।

रायवाला पुलिस ने 31 अगस्त को सत्यनारायण मंदिर के पास कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान एक युवक को 50 टेट्रा पैक देशी माल्टा मसालेदार शराब के साथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल (22) निवासी कृष्णा नगर कॉलोनी, आईडीपीएल ऋषिकेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वहीं, विकासनगर पुलिस ने भोजावाला तप्पड़ के पास चेकिंग के दौरान 5 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नरेश (26) निवासी नूर बस्ती, बुलाकीवाला विकासनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस की लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *