ब्रेकिंग न्यूज़

PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर भाजपा का मेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

17 सितंबर से देशभर में एक माह तक चलेगा अभियान—सरपंच से प्रधानमंत्री तक होंगे कार्यक्रमों में शामिल; युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट चैलेंज’, विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 7 अक्टूबर 2026 को जनसेवा के 25 वर्ष पूरे करेंगे। इसी उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 17 सितंबर से पूरे एक महीने तक देशभर में विभिन्न सेवा, सामाजिक और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत रक्तदान शिविर, दीप प्रज्वलन, युवा एवं जनप्रतिनिधियों से जुड़े कार्यक्रम, विद्यालयों में चित्रकला एवं नाट्य प्रतियोगिताएं तथा ‘सेवा की कहानी’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली, मानव श्रृंखला और ‘सेवा फर्स्ट चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।

“युवाओं के स्टार्टअप आइडिया को मिलेगा बड़ा मंच”

अभियान में युवाओं और शिक्षा संस्थानों को विशेष रूप से जोड़ा गया है। युवाओं के लिए ‘सेवा फर्स्ट चैलेंज’ नाम से विशेष स्टार्टअप एवं नवाचार कार्यक्रम रखा गया है। इसमें युवा अपने नए विचारों और नवाचारों से जुड़े आइडिया प्रस्तुत कर सकेंगे। शिक्षा संस्थानों की भागीदारी के जरिए विद्यार्थियों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

“सरपंच से प्रधानमंत्री तक जुड़ेगा अभियान”

इस अभियान की एक खास विशेषता यह होगी कि इसमें सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री तक विभिन्न स्तरों के जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाएगा। कार्यक्रमों को लगभग पांच-छह प्रमुख हिस्सों में विभाजित कर सेवा, सामाजिक सरोकार, जनसंपर्क और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के दौरान देश में हुए विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों का उल्लेख किया। पार्टी का उद्देश्य इन उपलब्धियों और सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाना तथा सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को अभियान से जोड़ना है!

‘सबका साथ, सबका विकास’ से 2047 के विकसित भारत तक,

अभियान की मूल भावना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ पर आधारित रहेगी। इसके साथ ही 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को अभियान की प्रमुख थीम के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

भाजपा का जोर इस बात पर रहेगा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का कार्यक्रम न होकर देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प बने। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी को इस अभियान के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

भाजपा की ओर से इस अभियान को देशभर में संगठनात्मक स्तर पर व्यापक रूप देने की तैयारी की गई है। अभियान के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।

नंदा न्यूज़ | नई दिल्ली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *