बूथ संख्या 17 पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने किया जलपान, एक ही स्थान पर बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन की पूरी श्रृंखला रही मौजूद
लालकुआं। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की मजबूती और कार्यकर्ता आधारित राजनीति की तस्वीर उत्तराखंड प्रवास के दौरान लालकुआं विधानसभा में देखने को मिली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बूथ संख्या 17 के बूथ अध्यक्ष राकेश चन्द्र आर्य के आवास पर पहुंचकर जलपान किया।

इस दौरान खास बात यह रही कि एक ही स्थान पर भाजपा संगठन की पूरी श्रृंखला नजर आई। बूथ अध्यक्ष से लेकर शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष तक संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी एक साथ मौजूद रहे। इस दृश्य ने भाजपा के बूथ स्तर तक फैले संगठनात्मक नेटवर्क और कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ाव को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन दुमका, मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका तथा शक्ति केंद्र संयोजक कमलेश कब्दवाल सहित बूथ समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
भाजपा नेतृत्व का बूथ अध्यक्ष के आवास पर पहुंचना कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के सबसे निचले स्तर तक नेतृत्व की पहुंच और “कार्यकर्ता ही संगठन की ताकत है” के संदेश से जोड़कर देखा।
उत्तराखंड प्रवास के दौरान सामने आई यह तस्वीर भाजपा के उस संगठनात्मक मॉडल को भी दर्शाती है, जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ता को पार्टी की राजनीतिक संरचना में महत्वपूर्ण भूमिका दी जाती है।
रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, नंदा न्यूज़

