ब्रेकिंग न्यूज़

रुद्रप्रयाग में अग्निसुरक्षा पर पुलिस का सख्त पहरा!

होटल से पेट्रोल पंप और बेकरी तक औचक निरीक्षण, अग्निशमन उपकरणों और इमरजेंसी एग्जिट की हुई गहन जांच

रुद्रप्रयाग। किसी भी संभावित अग्निकांड से पहले सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस और अग्निशमन विभाग ने जिले में अग्निसुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। 16 सितम्बर 2026 को अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर अग्निसुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी शंकर चंद्र रमोला के नेतृत्व में टीम ने सम्राट होटल, खांकरा, श्री शंकर फिलिंग स्टेशन तथा रुद्रप्रयाग स्थित कोमल बेकरी, भाणाधार का निरीक्षण किया

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में लगाए गए प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों, उनकी उपलब्धता एवं आपातकालीन निकास मार्गों की गहनता से जांच की गई। अधिकारियों ने यह भी परखा कि आग जैसी आपात स्थिति में प्रतिष्ठान के कर्मचारी किस तरह तत्काल बचाव और सुरक्षा कार्रवाई कर सकते हैं।

“कर्मचारियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण”

निरीक्षण महज कागजी जांच तक सीमित नहीं रहा। अग्निशमन टीम ने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित संचालन और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीकों की व्यावहारिक जानकारी दी।

अग्निशमन इकाई ने स्पष्ट किया कि जिले में इस तरह के औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को समय रहते रोकना और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है।

विभाग ने यह भी चेतावनी दी कि अग्निसुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

***नंदा न्यूज़ की नजर***

अग्निकांड के बाद राहत और बचाव से बेहतर है कि खतरे को पहले ही पहचान लिया जाए। रुद्रप्रयाग में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की यह जांच इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवायद है।

स्रोत: सोशल मीडिया सेल, पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *