ब्रेकिंग न्यूज़

देहरादून रोजगार मेले में 249 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित, अब तक 12 लाख से अधिक युवा लाभान्वित

-केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने देहरादून में नवनियुक्त युवाओं को वितरित किए नियुक्ति पत्र
-20वें रोजगार मेले के साथ अब तक लगभग 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित

देहरादून। राष्ट्रीय रोजगार मेले के 20वें संस्करण का देशभर में 45 स्थानों पर आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51,000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। देहरादून में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए और उन्हें सरकारी सेवा में शामिल होने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया तथा नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई दी। 20वें संस्करण के साथ ही वर्ष 2022 में शुरू की गई रोजगार मेला पहल के माध्यम से अब तक लगभग 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा का शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। आयकर विभाग, देहरादून की मुख्य आयकर आयुक्त रेणुका जैन गुप्ता ने स्वागत संबोधन दिया। उन्होंने रोजगार मेले के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना चयनित अभ्यर्थियों के साथ-साथ उनके परिवारों के लिए भी गर्व का क्षण है। उन्होंने सरकारी सेवा में चयनित होने वाले युवाओं की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की।
नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए अजय टम्टा ने कहा कि सरकारी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के मन में अक्सर यह जिज्ञासा रहती है कि अंततः उन्हें किस विभाग में सेवा देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि विभिन्न प्रतिष्ठित सरकारी विभागों में सेवा से जुड़ना उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और परिवार के सदस्यों को भी बधाई दी। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से कर्मयोगी से जुड़ने और निरंतर अपने कौशल को बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से समर्पण और प्रभावी जनसेवा के माध्यम से विकसित भारत/2047 के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया। देहरादून में आयोजित रोजगार मेले के दौरान कुल 249 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इन अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न सरकारी विभागों और संस्थानों के लिए किया गया है जिसमें भारतीय सर्वेक्षण विभाग में 5 अभ्यर्थी, आयकर विभाग, वित्त मंत्रालय में 121 अभ्यर्थी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में 53 अभ्यर्थी, भारतीय रेल में 30 अभ्यर्थी, डाक विभाग में 20 अभ्यर्थी, प्रधान नियंत्रक रक्षा लेखाध्नियंत्रक रक्षा लेखा में 18 अभ्यर्थी, भारतीय प्रबंधन संस्थान में 1 अभ्यर्थी, गृह मंत्रालय में 1 अभ्यर्थी नियुक्त हुए हैं। इस प्रकार देहरादून रोजगार मेले में कुल 249 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। 20वें रोजगार मेले को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 51,000 से अधिक युवाओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम के आगमन के साथ यह अवसर हजारों परिवारों में खुशियां लेकर आया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा ऐसे महत्वपूर्ण समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब देश विकसित भारत/2047 की दिशा में विकास यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं को उभरती आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा और कौशल प्रदान करने में राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना जैसी पहलों के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से किए गए सुधारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभा सेतु पोर्टल जैसी पहलों का भी उल्लेख किया, जिसका उद्देश्य सिविल सेवा चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण तक पहुंचने वाले लेकिन चयनित न हो पाने वाले अभ्यर्थियों को सार्वजनिक एवं निजी संस्थानों में संभावित अवसरों से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *